home page

रेवाड़ी: मोबाइल हैक कर निजी कंपनी कर्मचारी के खाते से उड़ाए 1.44 लाख

 | 
रेवाड़ी: मोबाइल हैक कर निजी कंपनी कर्मचारी के खाते से उड़ाए 1.44 लाख


रेवाड़ी, 03 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव ढाणी सुंदरोज निवासी एक निजी कंपनी कर्मचारी साइबर ठगी का शिकार हो गया। साइबर ठगों ने उसका मोबाइल हैक कर यस बैंक खाते से चार बार में एक लाख 44 हजार 813 रुपये निकाल लिए। पीड़ित को बैंक के कस्टमर केयर से खाते में हुए ट्रांजेक्शन की सूचना मिलने पर ठगी का पता चला। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित दीपक ने मंगलवार को बताया कि उसके मोबाइल पर पांच-छह अनजान नंबरों से मिस्ड कॉल आई थीं। उसने जब अपना मोबाइल चेक किया तो कई मिस्ड कॉल दिखाई दीं। इसी दौरान बैंक के कस्टमर केयर से खाते में रुपये निकलने की सूचना मिली। इसके बाद उसने बैंक खाते की जांच की तो चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाले जाने का पता चला।

दीपक के अनुसार, ठगों ने मेक माय ट्रिप के नाम पर पहली बार में 15 हजार 164 रुपये निकाले। इसके बाद मेक माय ट्रिप इंडिया फ्लाइट के नाम पर 16 हजार 334 रुपये और तीसरी बार में 18 हजार 542 रुपये की निकासी की गई। वहीं, चौथी बार अलीबाबा के नाम पर खाते से 94 हजार 773 रुपये निकाल लिए गए। इस तरह साइबर ठगों ने कुल एक लाख 44 हखार 813 रुपये की चपत लगा दी।

खाते से रकम निकलने का पता चलते ही दीपक ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसने साइबर थाने में भी लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

साइबर थाना पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन के विवरण और रकम जिन माध्यमों से निकाली गई, उनके आधार पर जांच कर रही है। पुलिस ठगी में शामिल आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला