रेवाड़ी: चार दिन से लापता 17 वर्षीय छात्र सकुशल बरामद
रेवाड़ी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बावल क्षेत्र के गांव खुर्रमपुर से लापता हुए 17 वर्षीय छात्र को पुलिस ने बुधवार सुबह सकुशल बरामद कर लिया। छात्र 10 अक्टूबर की रात घर से निकला था और ट्रेन में सवार होकर सिरसा स्थित एक डेरे में चला गया था। बुधवार सुबह बावल रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद वह अंबेडकर चौक पर एक दुकान से सामान लेने गया। दुकानदार ने उसे पहचान लिया और सीसीटीवी फुटेज बावल थाना प्रभारी को भेज दी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छात्र को नागरिक अस्पताल के पास से बरामद कर लिया। छात्र के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
डीएसपी मुख्यालय संजीव बल्हारा ने बताया कि छात्र के पिता ओमपाल ने 10 अक्टूबर को बावल थाने में शिकायत देकर बेटे के लापता होने की जानकारी दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। छात्र का कोई सुराग नहीं मिलने से परेशान परिजनों और स्थानीय लोगों ने मंगलवार को बावल के सर छोटूराम चौक पर जाम लगा दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। अधिकारियों ने छात्र को जल्द बरामद करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर सीआईए रेवाड़ी और बावल थाना पुलिस की संयुक्त टीमें छात्र की तलाश में जुटी थीं। पुलिस तकनीकी सर्विलांस और अन्य सूचनाओं के आधार पर उसकी खोज कर रही थी। बुधवार सुबह छात्र के बावल पहुंचने पर दुकानदार की सतर्कता पुलिस के लिए अहम साबित हुई। दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से छात्र की पहचान कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
छात्र के पिता ओमपाल ने बेटे की सकुशल बरामदगी पर एसपी, डीएसपी और बावल थाना पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने समय पर कार्रवाई कर उनके बेटे को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

