रेवाड़ी में युवक पर जानलेवा हमला, आठ गिरफ्तार
एसडीएम कार्यालय से लौटते समय नहर पर बुलाकर लाठी-डंडों से हमला, शिकायत वापस लेने का दबाव
रेवाड़ी, 29 सितंबर (हि.स.)। कोसली में शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने और युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु, सोनू, सतेन्द्र, सचिन, सुखबीर, दीपक, अजय और कृष्ण के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता कमल ने बताया कि उसकी गली में रामकुमार की ओर से खोदी गई कुंई धंसने के कारण उसके मकान की दीवारों में दरारें आ गई थीं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। कमल ने मामले की शिकायत प्रशासन से करने का निर्णय लिया। कमल के अनुसार 20 सितंबर को वह अपने दोस्तों रोहित, दुष्यंत और सुनील कुमार के साथ शिकायत देने के लिए कोसली एसडीएम कार्यालय गया था। उसके पिता जयप्रकाश भी बाइक से वहां पहुंचे थे। शिकायत देने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दुष्यंत के वाट्सऐप पर सचिन का फोन आया। फोन पर शिकायत के संबंध में बातचीत करने के लिए उन्हें कोसली बाईपास नहर पर बुलाया गया। आरोप है कि वहां पहुंचने पर साल्हावास डिग की तरफ से तीन गाड़ियां आईं। इनमें से करीब 15-20 युवक नीचे उतरे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कमल घायल हो गया।
शिकायत के अनुसार मौके पर भीड़ जमा होने के बाद आरोपी वहां से चले गए। जाते समय शिकायत वापस नहीं लेने पर कमल को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और सोमवार को आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

