home page

रेवाड़ी में एसडीएम तबादले की मांग पर वकीलों का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

 | 
रेवाड़ी में एसडीएम तबादले की मांग पर वकीलों का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन


बार प्रधान बोले- मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा प्रदेशव्यापी

रेवाड़ी, 28 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी में एसडीएम के तबादले की मांग को लेकर वकीलों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से सचिवालय तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया और उपायुक्त अभिषेक मीणा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

गौरतलब है कि अधिवक्ता 20 जुलाई से एसडीएम के तबादले की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। न्यायिक परिसर में लगातार धरना दिया जा रहा है, जिसके चलते न्यायिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में वकील धरना स्थल से कोर्ट परिसर के पिछले गेट से रवाना हुए। प्रदर्शनकारी बावल रोड और राजीव चौक से होते हुए सचिवालय पहुंचे।

सचिवालय के मुख्य गेट पर पहुंचने के बाद अधिवक्ताओं ने परिसर के अंदर प्रवेश कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए उपायुक्त अभिषेक मीणा स्वयं सचिवालय के गेट पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने ज्ञापन संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र ने कहा कि जब तक एसडीएम का तबादला नहीं किया जाएगा, तब तक वकीलों की हड़ताल और धरना जारी रहेगा। यदि सरकार ने जल्द उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को पूरे हरियाणा में विस्तार दिया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। ज्ञापन सौंपने के बाद अधिवक्ता वापस न्यायिक परिसर लौट आए और धरना जारी रखने की घोषणा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला