home page

रेवाड़ी होकर निकलेगी जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन

 | 
रेवाड़ी होकर निकलेगी जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन


जोधपुर से गुरुवार और गोरखपुर से शुक्रवार को होगी ट्रेन रवाना

रेवाड़ी, 24 सितंबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर-गोरखपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रेवाड़ी होकर चलेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन के नौ-नौ फेरे निर्धारित किए गए हैं। ट्रेन के संचालन से राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने गुरुवार को बताया कि ट्रेन संख्या 04829 जोधपुर-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल एक अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को जोधपुर से संचालित होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 04830 गोरखपुर-जोधपुर स्पेशल दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी।

जोधपुर से ट्रेन शाम 4:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। रास्ते में रेवाड़ी स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव तड़के 2:30 बजे से 2:40 बजे तक रहेगा। वापसी में गोरखपुर से ट्रेन रात 11:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। रेवाड़ी स्टेशन पर वापसी के दौरान ट्रेन शाम 4:50 बजे से शाम पांच बजे तक रुकेगी।

स्पेशल ट्रेन में कुल 20 डिब्बे होंगे। इनमें दो सेकंड एसी, चार थर्ड एसी, आठ द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं। ट्रेन मार्ग में मेडता रोड, डेगाना, छोटी खाटू, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ़, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा और बस्ती सहित कई स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला