home page

रेवाड़ी में घटिया निर्माण पर जेई चार्जशीट, एजेंसी ब्लैकलिस्ट

 | 
रेवाड़ी में घटिया निर्माण पर जेई चार्जशीट, एजेंसी ब्लैकलिस्ट


रेवाड़ी, 27 नवंबर (हि.स.)। नगर परिषद रेवाड़ी की ओर से गांव कान माजरा में बनाए गए लेगेसी वेस्ट स्थल के निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने के मामले में जिला नगर आयुक्त ने कार्रवाई की है। मामले में जेई वीरपाल को चार्जशीट जारी की गई है, जबकि जेई हैप्पी और एमई नरेश के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है। वहीं, निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है और उसे किए गए 17 लाख 52 हजार 245 रुपये के भुगतान की वसूली के आदेश दिए गए हैं।

डिप्टी डीएमसी अभय यादव ने शुक्रवार को बताया कि लेगेसी वेस्ट स्थल के निर्माण को लेकर मिली शिकायतों की जांच कराई गई थी। जांच के दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल की गई विभिन्न सामग्रियों की गुणवत्ता की पड़ताल की गई। इसमें कई खामियां सामने आईं। इसके बाद संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की गई है।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी द विनोद बालाजी कोऑपरेटिव मल्टीपरपज सोसायटी लिमिटेड, भिवानी को ब्लैकलिस्ट करने के आदेश जारी किए गए हैं। एजेंसी को अब तक किए गए 17 लाख 52 हजार 245 रुपये के भुगतान की वसूली की जाएगी। इसके अलावा एजेंसी के सभी लंबित बिलों का भुगतान भी तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता में मिली खामियों को लेकर जेई वीरपाल को चार्जशीट जारी कर जवाब मांगा गया है। वहीं, जेई हैप्पी और एमई नरेश के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

डिप्टी डीएमसी के अनुसार नगर परिषद की ओर से पिछले पांच वर्षों में करवाए गए करीब एक दर्जन विकास कार्यों की जांच भी चल रही है। इन कार्यों में भी अनियमितताओं और निर्माण गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला