home page

रेवाड़ी में जेई 90 हजार रूपये की रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार

 | 

रेवाड़ी, 26 फ़रवरी (हि.स.)। रेवाड़ी के धारूहेड़ा में गुरूवार को एसीबी की टीम ने नगर पालिका के जेई को 90 हजार रूपये की रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जेई ने ठेकेदार की पेमेंट पास करने के लिए एक लाख रुपये की मांग की थी। ठेकेदार ने जैसे ही जेई को रिश्वत दी, एसीबी की टीम ने जेई हरीश को रंगे हाथों दबोच लिया।

मिली जानकारी के अनुसार ठेकेदार राजबीर सिंह ने धारूहेड़ा नगर पालिका में विकास कार्यों का टेंडर लिया हुआ है। ठेकेदार विकास के कार्यों की पेमेंट की फाइल लंबे समय से जेई हरीश के पास लंबित पड़ी हुई थी। जिसे लेकर जेई टालमटोल कर रहा था। इसके बाद पेमेंट के बिल पास करने के लिए जेई ने एक लाख रुपये की मांग की।

सौदा तय होने के बाद ठेकेदार राजबीर ने इसकी शिकायत विजिलेंस को की। विजिलेंस की टीम ने जेई को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई। गुरूवार को ठेकेदार राजबीर विजिलेंस के दिए 90 हजार रुपये लेकर जेई के पास नगर पालिका पहुंचा। ठेकेदार ने जैसे ही जेई को रिश्वत दी, एसीबी की टीम ने जेई हरीश को रंगे हाथों दबोच लिया। बताया जा रहा है कि जेई हरीश की रिटायरमेंट में केवल पांच महीने का समय ही शेष बचा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला