रेवाड़ी में हल्की बूंदाबांदी के बीच उत्साह से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
राव तुलाराम स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, उपायुक्त अभिषेक मीणा ने किया शुभारंभ
रेवाड़ी, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया। केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर उपायुक्त अभिषेक मीणा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान मौसम सुहावना बना रहा। सुबह आसमान में बादल छाए रहे और शुरुआत के समय हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इससे प्रतिभागियों के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। स्टेडियम में वृद्धों से लेकर छोटे बच्चों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सामूहिक योगाभ्यास किया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराए गए।
योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और व्यस्त दिनचर्या के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इसके बाद वन विभाग की ओर से अतिथियों और योग साधकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे वितरित किए गए।
राजनीतिक दृष्टि से भी कार्यक्रम चर्चा का विषय रहा। केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के नहीं पहुंचने के कारण भाजपा के अन्य प्रमुख नेता भी कार्यक्रम में नजर नहीं आए। जिला अध्यक्ष वंदना पोपली ही पार्टी की ओर से प्रमुख चेहरे के रूप में मौजूद रहीं। इसके बावजूद कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

