home page

रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ के यात्रियों को राहत, ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच

 | 
रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ के यात्रियों को राहत, ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच


रेवाड़ी और नारनौल से गुजरने वाली रेलसेवाओं में बढ़ाई जाएगी क्षमता

रेवाड़ी, 30 सितंबर (हि.स.)। नवरात्रि सीजन और अक्टूबर में बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रेवाड़ी और नारनौल क्षेत्र से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं में अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी और ट्रेनों में भीड़ के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बुधवार को बताया कि गाड़ी संख्या 14714/14713 दिल्ली सराय-सीकर-दिल्ली सराय रेलसेवा में सात अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक एक थर्ड एसी, एक द्वितीय शयनयान और एक साधारण श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा। यह ट्रेन महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी ठहरती है। ऐसे में महेंद्रगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा मदार-रेवाड़ी-मदार (19617/19618), रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी (19620/19619), रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी (59633/59634) तथा रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी (19622/19621) रेलसेवाओं में एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक पांच-पांच द्वितीय साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे।

वहीं भिवानी-ढेहर का बालाजी-भिवानी (14705/14706) रेलसेवा में दाे अक्टूबर से एक नवंबर तक तीन द्वितीय साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। रेलवे के इस फैसले से नवरात्रि और अक्टूबर के दौरान बढ़ने वाली यात्री संख्या के बीच ट्रेनों की क्षमता बढ़ेगी। अतिरिक्त डिब्बे लगने से यात्रियों को सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और भीड़ के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। रेवाड़ी, नारनाैल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इसका विशेष लाभ मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला