home page

रेवाड़ी में सीए के घर और दफ्तर पर आयकर विभाग की छापेमारी

 | 
रेवाड़ी में सीए के घर और दफ्तर पर आयकर विभाग की छापेमारी


टैक्स चोरी और संदिग्ध लेन-देन की शिकायतों पर कार्रवाई, दस्तावेज व डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले

रेवाड़ी, 24 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी शहर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब आयकर विभाग की टीम ने भाडावास गेट के समीप स्थित एक चार्टेड अकाउंटेंट (सीए) के घर और कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की। विभाग की टीम भारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई शुरू करते हुए पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुग्राम से आई आयकर विभाग की टीम ने शहर के पॉश इलाके में स्थित सीए के निवास और उसके कार्यालय को एक साथ कवर किया। छापेमारी के दौरान किसी भी व्यक्ति को अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। टीम ने मौके पर मौजूद मोबाइल फोन, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य डिजिटल उपकरणों को भी जांच के दायरे में लिया, ताकि वित्तीय लेन-देन और खातों की गहन जांच की जा सके।

सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई टैक्स चोरी और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की शिकायतों के आधार पर की गई है।

विभाग को पिछले कुछ समय से अनियमितताओं की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद यह छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई अहम दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लिया है, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है। हालांकि आयकर विभाग के अधिकारियों ने इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल कार्रवाई जारी है और इस मामले में आगे चलकर बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला