home page

रेवाड़ी में शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव की स्मृति में ‘स्मृति वाटिका’ का लोकार्पण

 | 
रेवाड़ी में शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव की स्मृति में ‘स्मृति वाटिका’ का लोकार्पण


स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने दी श्रद्धांजलि, युवाओं से राष्ट्र सेवा का आह्वान

रेवाड़ी, 02 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जिले के गांव माजरा में शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव की स्मृति में निर्मित ‘स्मृति वाटिका’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने वीर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी शहादत पर पूरे देश और प्रदेश को गर्व है।

मंत्री आरती राव ने गुरुवार को कहा कि सिद्धार्थ यादव ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ऐसे वीर सपूतों की वजह से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और नागरिकों का जीवन सुरक्षित है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने शहीद के परिजनों पिता सुशील यादव, माता सुशीला और बहन दिव्या से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार हर समय उनके साथ खड़ी है और शहीद परिवारों का सम्मान एवं उनकी देखभाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आरती सिंह राव ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीद सिद्धार्थ यादव के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने गांव माजरा में प्रस्तावित एम्स संस्थान के किसी विभाग का नाम शहीद सिद्धार्थ यादव के नाम पर रखने की मांग रखी। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इस मांग को सरकार के समक्ष रखा जाएगा और इसे पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला