रेवाड़ी में पेट्रोल-डीजल की अवैध सप्लाई का भंडाफोड़, वाहन जब्त
क्राइम ब्रांच ने सात ड्रम और पेट्रोल-डीजल से भरी पिकअप गाड़ी जब्त की, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने शुरू की जांच
रेवाड़ी, 12 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार रात गांव गुजरीवास में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल के भंडारण और सप्लाई किए जाने की सूचना पर छापेमारी की। टीम ने खेत के अंदर बने एक प्लाट से एक हजार लीटर से अधिक पेट्रोल-डीजल बरामद किया। मौके से पेट्रोल-डीजल से भरे सात ड्रम और एक पिकअप गाड़ी को भी जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद कसोला थाना पुलिस और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि गुजरीवास गांव में खेत के अंदर बने प्लाट में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण किया जा रहा है। यहां से पेट्रोल-डीजल की सप्लाई भी किए जाने की सूचना थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने शुक्रवार रात बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
प्लाट की जांच के दौरान टीम को सात ड्रम मिले। इनमें एक हजार लीटर से अधिक पेट्रोल-डीजल भरा हुआ था। इसके अलावा प्लाट में एक पिकअप गाड़ी भी खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। टीम ने मौके से मिले पेट्रोल-डीजल और अन्य सामान को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद कसोला थाना पुलिस और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। दोनों विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बरामद पेट्रोल-डीजल की जांच शुरू की। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि पेट्रोल-डीजल कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

