रेवाड़ी में होटल से डेढ़ लाख की नकदी और विदेशी मुद्रा चोरी, आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी, 31 अगस्त (हि.स.)। डहीना चौकी पुलिस ने होटल से करीब डेढ़ लाख रुपये की भारतीय और विदेशी मुद्रा चोरी करने के आरोपी को साेमवार काे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान गांव हांसका निवासी तरुण के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मसीत निवासी सूबे सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सीहा बस स्टैंड पर उसका होटल है। तीन अगस्त को सीहा निवासी तरुण उसके पास आया था। उसने खुद को एसी मिस्त्री बताते हुए कहा कि आसपास की दुकानों में एसी ठीक करने का काम है और उसे कुछ दिनों के लिए रहने के लिए कमरा चाहिए। इस पर होटल मालिक ने उसे होटल के साथ बने कमरे में रहने की अनुमति दे दी।
शिकायत के अनुसार 12 अगस्त को सूबे सिंह किसी काम से रेवाड़ी गया था। वापस लौटने पर उसने देखा कि अलमारी में रखी एक लाख चार हजार रुपये की नकदी और 1600 यूएई दिरहम गायब थे। भारतीय मुद्रा के हिसाब से दिरहम की कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई। इसके बाद होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में तरुण के चोरी करने की बात सामने आई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तरुण को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ रेवाड़ी सदर और जाटूसाना थाने में चोरी के चार मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से बाकी नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद करने के साथ ही चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

