home page

रेवाड़ी में हिट एंड रनः हादसे में सरकारी शिक्षक की मौत

 | 
रेवाड़ी में हिट एंड रनः हादसे में सरकारी शिक्षक की मौत


रेवाड़ी, 08 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव टहना में देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव शादीपुर निवासी 47 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है। मुकेश सरकारी स्कूल आशियाकी गौरावास में टीजीटी अंग्रेजी के पद पर कार्यरत थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस फरार ट्राला चालक की तलाश में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक मुकेश बीती रात किसी समारोह में सम्मिलित होने के बाद अपने घर वापिस लौट रहे थे। जैसे ही वह टहना अड्डे से आगे निकले, तभी तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने घायल मुकेश को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन देर रात उपचार के दौरान मुकेश ने दम तोड़ दिया। मुकेश सरकारी स्कूल आशियाकी गौरावास में टीजीटी अंग्रेजी के पद पर कार्यरत थे। सूचना मिलने के बाद रोहड़ाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार ट्राला चालक की तलाश में जुटी हुई है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला