रेवाड़ीः प्रधानमंत्री ने हरियाणा को दी ऐतिहासिक सौगात: लक्ष्मण सिंह
रेवाड़ी जिम्मखाना क्लब में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने विकास परियोजनाओं का किया स्वागत
रेवाड़ी, 17 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी के सेक्टर-चार स्थित जिम्मखाना क्लब में शुक्रवार को जींद में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का ऑनलाइन सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम को देखा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन को जींद से सोनीपत के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन फ्यूल आधारित ट्रेन संचालन शुरू करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया। इस उपलब्धि को देश के रेलवे इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरियाणा की जनता से विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में भी प्रधानमंत्री ने देश की पहली सीएनजी ट्रेन रेवाड़ी और रोहतक के बीच शुरू कर हरियाणा को नई पहचान दिलाई थी। अब पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत भी हरियाणा से कर प्रदेश को एक और ऐतिहासिक सौगात दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दो नए मेडिकल कॉलेजों सहित नौ महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
रेवाड़ी कार्यक्रम में पहुंचे विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए चंडीगढ़ से रेवाड़ी तक की यात्रा निजी वाहन के बजाय वंदे भारत ट्रेन और ई-रिक्शा से की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित परिवहन को अपनाकर ही पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

