home page

रेवाड़ी में नए नागरिक अस्पताल के निर्माण को 348.28 करोड़ रुपये मंजूर

 | 
रेवाड़ी में नए नागरिक अस्पताल के निर्माण को 348.28 करोड़ रुपये मंजूर


रेवाड़ी, 21 नवंबर (हि.स.)। शहर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए नागरिक अस्पताल के निर्माण के लिए 348 करोड़ 28 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है। इससे रेवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने शनिवार को मुख्यमंत्री का आभार जताया।

मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नागरिक अस्पताल बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी भी कम होगी। सरकार का प्रयास है कि लोगों को उनके जिले में ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

प्रस्तावित योजना के अनुसार, अस्पताल का नया भवन दो बेसमेंट और छह मंजिल का होगा। बेसमेंट में पार्किंग के साथ ऑक्सीजन प्लांट, एसटीपी, सीटीपी और अन्य तकनीकी सेवाओं की व्यवस्था की जाएगी। ग्राउंड फ्लोर पर इमरजेंसी और गायनी विभाग बनाए जाएंगे।

अन्य मंजिलों पर ओपीडी, लैब, वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, और प्रशासनिक ब्लॉक होंगे। मरीजों की सुविधा के लिए ओपीडी के अलग-अलग ब्लॉक और कॉमन वेटिंग एरिया भी बनाया जाएगा। अस्पताल परिसर में एंबुलेंस और सामान्य वाहनों की आवाजाही के लिए दो प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे। इसके अलावा आधुनिक जांच सुविधाओं के तहत एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनें लगाई जाएंगी। दिल के मरीजों के उपचार के लिए कैथ लैब की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मंत्री ने कहा कि नए अस्पताल के बनने से रेवाड़ी जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला