home page

रेवाड़ी: ईएसआईसी डिस्पेंसरी में पांच लाख की रंगदारी मांगने के पत्र से हड़कंप

 | 

दो पन्नों की धमकी भरी चिट्ठी मिली, रकम नहीं देने पर दोगुनी करने की चेतावनी

रेवाड़ी, 28 सितंबर (हि.स.)। धारूहेड़ा स्थित ईएसआईसी डिस्पेंसरी नंबर-दो में सोमवार को पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाली धमकी भरी चिट्ठी मिलने से हड़कंप मच गया। दो पन्नों की चिट्ठी में रकम देने की मांग करते हुए धमकी दी गई है। पत्र में लिखा गया कि यदि रकम देने पर सहमति हो तो डिस्पेंसरी के गेट पर प्लस का निशान बना दिया जाए। घटना के बाद डिस्पेंसरी के कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार डिस्पेंसरी में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत गुरमीत सिंह सोमवार को अपनी कार के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें कार के पास दो पन्नों का पत्र रखा हुआ मिला। गुरमीत सिंह ने पत्र पढ़ा तो उसमें धमकी भरे लहजे में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पत्र मिलने की जानकारी उन्होंने तुरंत पुलिस को दी।

बताया गया है कि पत्र में आरोपी ने सोमवार शाम पांच बजे तक रकम देने के लिए सहमति का संकेत देने को कहा था। इसके लिए डिस्पेंसरी के गेट पर प्लस का निशान बनाने की बात लिखी गई थी। पत्र में यह भी चेतावनी दी गई कि इसके बाद कर्मचारियों का ‘काउंटडाउन’ शुरू हो जाएगा। मांग पूरी नहीं करने पर रंगदारी की रकम बढ़ाकर दोगुनी करने की धमकी दी गई।

धमकी भरी चिट्ठी मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पत्र को कब्जे में लेकर उसके संबंध में जांच की जा रही है। साथ ही डिस्पेंसरी और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी भरा पत्र किस व्यक्ति ने वहां रखा था। अधिकारियों के अनुसार मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला