home page

रेवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र में दो फैक्ट्रियों में भीषण आग, लाखों का नुकसान

 | 
रेवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र में दो फैक्ट्रियों में भीषण आग, लाखों का नुकसान


15 से अधिक दमकल गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

रेवाड़ी, 25 सितंबर (हि.स.)। औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-तीन में गुरुवार रात दो फैक्ट्रियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दोनों फैक्ट्रियां आग की चपेट में आ गईं और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

आग की भयावहता को देखते हुए रेवाड़ी, बावल और आसपास के शहरों से 15 से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। देर रात कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।

बताया गया कि आग लगने के समय दोनों फैक्ट्रियों में नाइट शिफ्ट चल रही थी। रात का समय होने के कारण फैक्ट्रियों में कर्मचारियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। आग लगते ही कर्मचारियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। इसके चलते किसी तरह की जनहानि होने की सूचना नहीं है।

आग लगने के बाद दमकल कर्मियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती आग को आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोकना था। कई दमकल गाड़ियों को अलग-अलग स्थानों से पानी डालने के लिए लगाया गया। काफी देर तक फैक्ट्रियों से धुआं और आग की लपटें उठती रहीं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग से दोनों फैक्ट्रियों में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्रियों में जला हुआ सामान और मशीनरी आग बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अधिकारियों की ओर से नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला