रेवाड़ी की मोबाइल कंपनी में लगी भीषण आग
कर्मचारियों की छुट्टी होने से टला बड़ा हादसा
रेवाड़ी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित डीबीजी कंपनी के स्क्रैप यार्ड में मंगलवार को भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से यार्ड में रखा स्क्रैप का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि दशहरे की छुट्टी होने के कारण कंपनी परिसर में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर फायर विभाग और बावल थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, बावल के सेक्टर-पांच स्थित प्लॉट नंबर 10 में डीबीजी कंपनी है, जहां मोबाइल फोन बनाए जाते हैं। मंगलवार को दशहरे के अवसर पर कंपनी में कर्मचारियों की छुट्टी थी। इसी दौरान कंपनी के स्क्रैप यार्ड में अचानक आग लग गई। यार्ड से धुआं उठता देखकर सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर विभाग की गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। बावल थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। आग स्क्रैप यार्ड में लगी होने के कारण उसे नियंत्रित करने में फायर कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे तक चले प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग से स्क्रैप यार्ड में रखा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते फायर विभाग की टीमों के पहुंचने और आग पर नियंत्रण पाने से आग को फैलने से रोक लिया गया। घटना के समय कंपनी में कर्मचारी मौजूद नहीं होने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दशहरे की छुट्टी के दिन कंपनी के स्क्रैप यार्ड में आग कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

