home page

रेवाड़ी में खेत में मिली खून से सनी थार, टूटे शीशे देख मचा हड़कंप

 | 
रेवाड़ी में खेत में मिली खून से सनी थार, टूटे शीशे देख मचा हड़कंप


फेंसिंग तोड़कर खेत में घुसी गाड़ी, चालक फरार, बिना नंबर प्लेट वाहन की पुलिस कर रही गहन जांच

रेवाड़ी, 01 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी शहर में रोहतक हाईवे के पास बुधवार को गांव गंगायचा जाट के खेतों में एक महिंद्रा थार गाड़ी संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गाड़ी के शीशे टूटे हुए थे और उस पर खून के निशान भी दिखाई दिए, जिससे किसी बड़ी वारदात की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब सुबह खेतों में काम करने पहुंचे ग्रामीणों ने गाड़ी को देखा। खेत के बीचों-बीच खड़ी इस थार की हालत संदिग्ध थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेवाड़ी सदर थाना और रोहड़ाई थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। गाड़ी पर कोई नंबर प्लेट नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान करना फिलहाल चुनौती बना हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी तेज रफ्तार में खेत की तार वाली फेंसिंग को तोड़ते हुए अंदर घुसी और कीचड़ में धंस गई। आशंका जताई जा रही है कि चालक ने किसी अनहोनी या पीछा किए जाने की स्थिति में बचने के लिए गाड़ी को खेत में उतार दिया। घटना के बाद चालक गाड़ी को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।

रेवाड़ी सदर थाना के एसएचओ राजेंद्र ने बताया कि अभी तक मामले में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और खून के सैंपल जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि गाड़ी के आने-जाने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा सके। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं लोग मामले के खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला