रेवाड़ी मंडी में अब इलेक्ट्रॉनिक कांटों से होगी सरसों-गेहूं की तुलाई, आढ़तियों के लिए इलेक्ट्रानिक तौल मशीन अनिवार्य
रेवाड़ी, 09 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी में इस बार सरसों और गेहूं की फसल का इलेक्ट्रानिक मशीनों से वजन किया जाएगा। सभी आढ़तियों को इसका दृढ़ता के साथ पालन करना होगा। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिए गए हैं।
मार्केट कमेटी सचिव मनीष कुमार ने सोमवार को बताया कि फसल तौल में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से इस बार इलेक्ट्रानिक तौल मशीन अनिवार्य किए हैं। इसके लिए सभी आढ़तियों को दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। इलेक्ट्रानिक तौल मशीन से वजन सही और किसान अपने सामने देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में आढ़तियों के माध्यम से विभिन्न एजेंसियां सरसों व गेहूं की खरीद करती हैं। अभी तक पुराने कांटों से ही उपज का वजन किया जाता रहा है। इसमें पुराने कांटों से किए गए तौल में वजन कम होने के आरोप लगते रहे हैं। इस समस्या से निपटने के लिए इस बार इलेक्ट्रानिक कांटों से ही वजन करने की अनिवार्यता की गई है। अब आढ़तियों को इलेक्ट्रानिक मशीन खरीदने ही होंगे। अभी तक अनिवार्यता नहीं होने के कारण पुराने बट्टा वाले मशीनों से ही तौल कर रहे हैं। इससे अलग-अलग मशीनों में उपज का वजन भिन्न रहता है। इसके चलते किसानों और आढ़तियों के बीच आरोप प्रत्यारोप की स्थिति बनी रहती है। इलेक्ट्रानिक कांटा में तौल करने से किसान अपनी उपज का वास्तविक वजन डिजिटल देख सकते हैं। इसके लिए बार-बार पूछताछ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह किसानों के हित में है। किसान अपनी उपज का वास्तविक वजन इसमें देख सकेगें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

