रेवाड़ी-धारूहेड़ा निकाय चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न, 13 मई को आएंगे नतीजे
रेवाड़ी में 56 प्रतिशत और धारूहेड़ा में 63.5 प्रतिशत मतदान दर्ज
रेवाड़ी, 10 मई (हि.स.)। रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव रविवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गए। अब मतगणना के बाद 13 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग द्वारा शाम छह बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार रेवाड़ी नगर परिषद में 56 प्रतिशत और धारूहेड़ा नगर पालिका में 63.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। महिला और बुजुर्ग मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में भी तेजी देखने को मिली। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव के लिए 35 स्थानों पर 99 पोलिंग बूथ बनाए गए, जिनमें 29 बूथ संवेदनशील घोषित किए गए। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका में 14 स्थानों पर 27 पोलिंग बूथ बनाए गए, जिनमें 11 संवेदनशील बूथ शामिल रहे। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई।
फर्जी वोटिंग के आरोप पर दो जगह हंगामा
चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 12 स्थित राव तुलाराम स्टेडियम के पोलिंग बूथ पर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही डीएसपी सुरेंद्र सरन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी के बाद मतदान दोबारा सुचारु रूप से शुरू कराया गया। इसके अलावा रेवाड़ी शहर के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित पोलिंग बूथ पर भी फर्जी वोट डालने का मामला सामने आया। एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ लिया गया। पुलिस पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह ‘दीनू’ नामक व्यक्ति के कहने पर भाजपा के पक्ष में वोट डालने आया था। पुलिस अब दीनू की पहचान और मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी, लेकिन प्रशासन ने हालात संभाल लिए।
कांग्रेस उम्मीदवार ने लगाए पैसे बांटने के आरोप
उधर, धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव में चेयरपर्सन पद की कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी राज ने भाजपा पर वोटरों को पैसे बांटने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थकों ने लोगों को एक-एक हजार रुपये वितरित किए। कुमारी राज ने प्रशासन पर भी धांधली का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

