home page

रेवाड़ी में आईपीएस अफसर बनकर बुजुर्ग से 23 लाख ऐंठे

 | 
रेवाड़ी में आईपीएस अफसर बनकर बुजुर्ग से 23 लाख ऐंठे


रेवाड़ी, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव जैनाबाद निवासी एक बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने का डर दिखाकर साइबर ठगों ने 23 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने वीडियो कॉल पर पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को आईपीएस अधिकारी और सीबीआई से जुड़ा बताया। उन्होंने बुजुर्ग को जांच का डर दिखाकर दो अलग-अलग बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिए रकम ट्रांसफर करवा ली। साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि गांव जैनाबाद निवासी सरजीत ने शिकायत में बताया कि 16 अक्टूबर 2026 को उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। वीडियो कॉल पर पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति ने अपना नाम विजय तिवारी और पद आईपीएस अधिकारी बताया। उसने कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में उनका नाम सामने आया है। पंकज शर्मा नाम के व्यक्ति के घर से उनके नाम की आईसीआईसीआई बैंक की पासबुक बरामद हुई है।

सरजीत ने बताया कि उनका आईसीआईसीआई बैंक में कोई खाता नहीं है। इसके बावजूद आरोपियों ने आधार कार्ड से जुड़ी जानकारी बताकर उनका भरोसा जीत लिया। कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली के खंभा रोड स्थित सीबीआई कार्यालय से जुड़ा बताया और कहा कि बुजुर्ग होने के कारण सुप्रीम कोर्ट से घर बैठे जांच की अनुमति ली गई है।

इसके बाद कॉल डिटेल, संपत्ति, यात्रा और बैंक खातों की जांच करने का झांसा दिया। शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर को आरोपियों ने आरबीआई की टीम आने की बात कहकर एक दस्तावेज भेजा और 11 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। 30 अक्टूबर को पीपीएफ खाते की जांच के नाम पर 12 लाख रुपये और मांगे। सरजीत ने दोस्तों से उधार लेकर 31 अक्टूबर को दूसरी बार रकम भेज दी। दो नवंबर को आरोपियों ने फिर 12 लाख रुपये मांगे तो सरजीत को शक हुआ। उन्होंने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद 17 नवंबर को साइबर थाना पुलिस में शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला