home page

रेवाड़ी में सीवर ओवरफ्लो व गंदे पानी से परेशान लोगों ने लगाया जाम

 | 
रेवाड़ी में सीवर ओवरफ्लो व गंदे पानी से परेशान लोगों ने लगाया जाम


डीएसपी के आश्वासन पर दो घंटे बाद खुला जाम

रेवाड़ी, 08 सितंबर (हि.स.)। नारनौल मार्ग स्थित लक्ष्मी नगर में सीवर ओवरफ्लो और घरों में गंदे पानी की सप्लाई की समस्या से परेशान लोगों ने मंगलवार को सड़क पर जाम लगा दिया। समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से नाराज स्थानीय लोग सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। जाम के कारण नारनौल मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप भार्गव ने बताया कि लक्ष्मी नगर में लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। सीवर का गंदा पानी गलियों और सड़क पर जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इसके साथ ही घरों में दूषित और गंदे पानी की सप्लाई होने की भी शिकायत है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया।

लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से भी शिकायत की गई थी। इसके बावजूद विभाग का कोई अधिकारी मौके पर स्थिति देखने नहीं पहुंचा। इससे लोगों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने नारनौल मार्ग पर जाम लगा दिया।

जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली। वहीं, जाम लगने के बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान के लिए काम शुरू किया। बाद में डीएसपी पवन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। डीएसपी के आश्वासन के बाद लोग जाम खोलने के लिए राजी हुए और करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला