रेवाड़ीः धारूहेड़ा बस स्टैंड के पास मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
रेवाड़ी, 05 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब दिल्ली रोड स्थित बस स्टैंड फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर एक युवक का शव पड़ा मिला। राहगीरों की नजर शव पर पड़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतक की शिनाख्त न होने के चलते शव को रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल की शव गृह में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ-साथ गुमशुदगी के मामलों की भी जांच कर रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
धारूहेड़ा थाना प्रबंधक कश्मीर सिंह ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस युवक के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने लोगों से यह संदेश अधिक से अधिक साझा करने का भी अनुरोध किया हैए ताकि मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंच सके। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

