रेवाड़ी: दो दिन से लापता युवक का जोहड़ में मिला शव
मौत के कारणों की जांच जारी
रेवाड़ी, 30 सितंबर (हि.स.)। जिले के गांव बेरली कलां से दो दिन से लापता 36 वर्षीय युवक प्रवीन का शव बुधवार सुबह गांव के जोहड़ में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने जोहड़ में शव तैरता देखा तो इसकी सूचना जाटूसाना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से शव को जोहड़ से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार प्रवीन दो दिन पहले अचानक घर से लापता हो गया था। उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने जोहड़ में शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान प्रवीन के रूप में की।
पुलिस ने घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जांच की। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। इसके बावजूद पुलिस युवक की मौत को लेकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रवीन की मौत जोहड़ में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने की उम्मीद है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

