रेवाड़ी में रिफंड के नाम पर दंपति से लाखाें की ठगी
रेवाड़ी, 16 नवंबर (हि.स.)। जिले के धारूहेड़ा निवासी एक दंपति साइबर ठगी का शिकार हो गया। अमेजन से मंगवाए गए सामान की डिलीवरी में कुछ सामान कम मिलने पर महिला ने ऑनलाइन कस्टमर केयर नंबर तलाश कर संपर्क किया। ठग ने रिफंड दिलाने का झांसा देकर महिला और उसके पति को अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद पति का मोबाइल फोन हैक कर दोनों के बैंक खातों से कुल एक लाख 65 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि धारूहेड़ा निवासी विनीता गुप्ता ने शिकायत में बताया कि उसने अमेजन से कुछ सामान मंगवाया था, लेकिन डिलीवरी के समय कुछ सामान कम मिला। इसकी शिकायत करने के लिए उसने वेबसाइट पर ऑनलाइन कस्टमर केयर नंबर तलाशा और उस पर फोन किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने रिफंड देने के नाम पर बैंक खाते की जानकारी मांगी। महिला ने बताया कि उसका खुद का कोई बैंक खाता नहीं है। इसी दौरान उसके पति प्यारेलाल गुप्ता ऑफिस से घर पहुंच गए। ठग ने महिला के मोबाइल से उसके पति से बात की और उन्हें वॉट्सऐप खोलने के लिए कहा। इसके बाद पति के बैंक खाते से संबंधित जानकारी हासिल कर ली।
ठग ने दंपती को भरोसा दिलाया कि 24 घंटे के भीतर रिफंड की राशि खाते में वापस आ जाएगी। कुछ समय बाद प्यारेलाल का मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद ठगों ने उनके और पत्नी के बैंक खातों से रकम निकाल ली। पीड़िता के अनुसार, उसके एसबीआई खाते से एक लाख रुपये और पति के आईसीआईसीआई बैंक खाते से 65 हजार रुपये निकाल लिए गए। बैंक से ट्रांजेक्शन के मैसेज मिलने पर दंपती ने तुरंत बैंक से संपर्क कर खाते ब्लॉक करवाए। इसके बाद साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

