रेवाड़ी से 3.86 करोड़ के कॉपर से भरा ट्रक चोरी, आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी के बावल इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कंपनी से 3 करोड़ 86 लाख रुपये से अधिक कीमत के कॉपर इनगॉट से भरा ट्रक चोरी होने के मामले में पुलिस ने नूंह निवासी मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस चोरी हुए माल और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि मेटाडेक्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर राहुल अरोड़ा ने कसौला थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार 16 सितंबर की रात कंपनी से 24,780 किलो कॉपर इनगॉट यानि कि 21 तांबे की सिल्लियां एक ट्रक में लोड की गई थीं। इस खेप की कीमत 3 करोड़ 86 लाख 26 हजार 568 रुपये बताई गई है। यह माल तमिलनाडु स्थित जैन रिसोर्स रीसाइक्लिंग लिमिटेड के लिए भेजा गया था। निर्धारित समय पर खेप गंतव्य तक नहीं पहुंची तो कंपनी की ओर से जानकारी जुटाई गई। इस दौरान पहले कंपनी को गुमराह करने का प्रयास किया गया, लेकिन बाद में ट्रक और माल चोरी होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद कसौला थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान 26 सितंबर को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में खाली ट्रक लावारिस हालत में बरामद हुआ। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नूंह निवासी मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर चोरी किए गए कॉपर इनगॉट और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

