home page

रेवाड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 437 किलो संदिग्ध घी सीज

 | 
रेवाड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 437 किलो संदिग्ध घी सीज


डेयरी से 393 और कटला बाजार से 44 किलो घी लिया कब्जे में, सैंपल जांच को भेजे

रेवाड़ी, 23 सितंबर (हि.स.)। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान एक डेयरी से 393 किलो और कटला बाजार में एक व्यापारी के ठिकाने से 44 किलो संदिग्ध घी सीज किया गया। दोनों स्थानों से घी के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने तक सीज किए गए घी की बिक्री पर रोक रहेगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि डेयरी संचालक ने टीम को जानकारी दी कि घी क्रीम से तैयार किया गया है। टीम ने मौके पर ही 393 किलो घी को सीज कर दिया। वहीं कटला बाजार स्थित व्यापारी के ठिकाने से भी 44 किलो संदिग्ध घी कब्जे में लिया गया। दोनों जगहों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारी के अनुसार यदि जांच में घी सबस्टैंडर्ड या अनसेफ पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं रिपोर्ट निर्धारित मानकों के अनुरूप मिलने पर ही सीज किए गए उत्पाद की बिक्री की अनुमति दी जाएगी। संदीप कुमार ने बताया कि बाजार में कई स्थानों पर ज्योत घी या पूजा घी के नाम से उत्पाद बेचे जाने की जानकारी सामने आती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नाम से बेचे जाने वाले घी के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है। अमानक या मिलावटी खाद्य पदार्थ मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान विभाग ने करीब 13 खाद्य सैंपल लिए हैं और लगभग 400 किलो संदिग्ध पनीर मौके पर नष्ट कराया है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों से संदिग्ध घी भी सीज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला