home page

रेवाड़ी में पति-पत्नी ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

 | 

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे,पुलिस जांच में जुटी

रेवाड़ी, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र के गांव राजपुरा आलमगीरपुर खतावाली में शनिवार देर रात एक दंपती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय अशोक कुमार और उनकी 48 वर्षीय पत्नी नीलम के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल रेवाड़ी भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

धारूहेड़ा थाना प्रभारी कबूल ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्य मकान के निचले हिस्से में रहते हैं, जबकि अशोक और नीलम ऊपरी कमरे में सोते थे। शनिवार देर रात उनका बेटा ड्यूटी से घर लौटा। घर पहुंचने के बाद वह माता-पिता से मिलने ऊपर गया। कमरे में अंधेरा होने पर उसने लाइट जलाई तो दोनों पति-पत्नी छत पर लगे पंखे के हुक से चुन्नी के सहारे फंदे पर लटके मिले।

बेटे के शोर मचाने पर अन्य परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला