रेवाड़ी में होमगार्ड कमांडेंट 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
रेवाड़ी, 21 मई (हि.स.)। रेवाड़ी में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए होमगार्ड कमांडेंट सुधीर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कमांडेंट पर सस्पेंड चल रहे होमगार्ड जवान को दोबारा नौकरी पर बहाल कराने के बदले डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप है।
एसीबी की टीम ने कार्यालय में ट्रैप लगाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, सस्पेंड चल रहे होमगार्ड हवलदार सुरेश कुमार ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसे बिना किसी स्पष्ट कारण के करीब 10 महीने पहले सस्पेंड कर दिया गया था। इसके बाद से वह लगातार विभागीय कार्यालय के चक्कर काट रहा था, लेकिन उसे न तो सस्पेंशन का कारण बताया गया और न ही दोबारा ड्यूटी ज्वाइन करवाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
सुरेश कुमार ने आरोप लगाया कि कमांडेंट सुधीर ने नौकरी पर बहाली के बदले उससे डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी। आरोप है कि जनवरी माह में वह 80 हजार रुपये पहले ही दे चुका था। इसके बाद बाकी रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
परेशान होकर उसने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की।
एसीबी इंस्पेक्टर जयपाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की गुप्त जांच करवाई गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई। गुरुवार को तय योजना के तहत सुरेश कुमार 50 हजार रुपये लेकर कमांडेंट के कार्यालय पहुंचा। आरोपी ने रिश्वत की रकम अपनी टेबल की दराज में रखवाई। जैसे ही इशारा मिला, एसीबी टीम ने मौके पर छापा मारकर कमांडेंट सुधीर को रिश्वत की रकम सहित गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी टीम ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

