रेवाड़ी में नकली पाइप बनाने का खुलासा, फैक्ट्री संचालक पर केस दर्ज
रेवाड़ी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के उत्तम नगर स्थित निर्मल पॉलीफैब प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में सिन्टेक्स कंपनी के नाम और लोगो का कथित तौर पर इस्तेमाल कर नकली पाइप बनाने का मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने फैक्ट्री संचालक संजय गेरा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने गुरुवार को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उत्तम नगर स्थित निर्मल पॉलीफैब फैक्ट्री में सिन्टेक्स कंपनी के नाम से कथित तौर पर नकली पाइप तैयार किए जा रहे हैं। इन पाइपों को बाजार में सप्लाई किए जाने की भी जानकारी मिली थी। इसके बाद वह अपने साथियों राजेश कुमार और रचना कपूर के साथ मॉडल टाउन थाना पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत कराया।
शिकायत मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस की टीम कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ फैक्ट्री पहुंची। वहां जांच के दौरान काले रंग के एचडीपीई पाइप मिले, जिन पर सिन्टेक्स 90 एमएम पाइप अंकित था। पाइपों की गिनती करने पर मौके से ऐसे 71 पाइप बरामद हुए। इसके अलावा फैक्ट्री में लगी मशीनों की जांच की गई तो सिन्टेक्स और 90 एमएम पाइप की छाप वाली दो डाई भी मिलीं।
पुलिस ने पाइपों और डाई सहित संबंधित सामान को कब्जे में ले लिया। पुलिस अब इस मामले में फैक्ट्री में पाइप बनाने की प्रक्रिया, कंपनी के नाम और लोगो के कथित इस्तेमाल तथा बाजार में इनकी सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने फैक्ट्री संचालक संजय गेरा और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

