home page

रेवाड़ी में कैंटर की टक्कर से छात्र की मौत

 | 
रेवाड़ी में कैंटर की टक्कर से छात्र की मौत


साहबी पुल के पास हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

रेवाड़ी, 18 जुलाई (हि.स.)। जिले में साहबी पुल के पास शुक्रवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गांव कारोली निवासी धर्मबीर ने शिकायत में बताया कि उसका भतीजा शुभम अपने दोस्त रजत के साथ बाइक पर किसी काम से कोसली कोर्ट गया था। शाम को दोनों भिवाड़ी लौट रहे थे। जब वे बावल से धारूहेड़ा की ओर साहबी पुल के निकट शनि देव मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद कैंटर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों और राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शुभम को मृत घोषित कर दिया। रजत का उपचार जारी है।

परिजनों के अनुसार शुभम ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और अब वह फायर एंड सेफ्टी का कोर्स कर रहा था। वहीं उसका साथी रजत अभी पढ़ाई कर रहा है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला