home page

रेवाड़ी में नहर से मिला युवक का शव

 | 
रेवाड़ी में नहर से मिला युवक का शव


रेवाड़ी, 25 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के गांव मुरार खेड़ा के पास बुधवार सुबह नहर में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह सैर के लिए निकले ग्रामीणों ने जब नहर में शव पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान गांव पातुहेड़ा निवासी 37 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अनिल किसी काम से घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। आशंका जताई जा रही है कि इस दौरान उसका पांव फिसल गया और वह नहर में गिर गया, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

बावल थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि सुबह मुरार खेड़ा के पास नहर में शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान पातुहेड़ा निवासी अनिल के रूप में हुई है और प्रथम दृष्टया मामला नहर में डूबने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी। यदि जांच में कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला