रेवाड़ी एम्स के लिए एक स्वतंत्र कैनाल आधारित वाटर वर्क्स स्थापित किया जाएगा : आरती सिंह राव
परियोजना पर लगभग 26 करोड़ 83 लाख रुपये होंगे खर्च
रेवाड़ी, 03 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि गांव माजरा मुस्तिल भालखी स्थित एम्स के लिए एक स्वतंत्र कैनाल आधारित वाटर वर्क्स स्थापित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मुख्यमंत्री से मंजूरी मिल चुकी है और इसे सैद्धांतिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 26 करोड़ 83 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विशेष बात यह है कि एम्स के लिए जल आपूर्ति का पूरा खर्च हरियाणा सरकार स्वयं वहन करेगी, जिससे संस्थान को भविष्य में किसी प्रकार की वित्तीय या आपूर्ति संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शुक्रवार को जानकारी दी कि प्रस्तावित वाटर वर्क्स के माध्यम से प्रतिदिन करीब 1500 किलोलीटर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। यह जल आपूर्ति अस्पताल के सुचारू संचालन, स्वच्छता व्यवस्था और मरीजों की देखभाल के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना एम्स रेवाड़ी को एक स्वतंत्र और स्थायी जल स्रोत उपलब्ध कराएगी, जिससे संस्थान की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही, यह कदम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को भी मजबूती प्रदान करेगा। मंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और उन्हें आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद न केवल रेवाड़ी बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल भविष्य में एम्स रेवाड़ी को एक अत्याधुनिक और आत्मनिर्भर स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

