रेवाड़ी में चार हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
जमीन का रिकॉर्ड ठीक करने और इंतकाल दर्ज करने के बदले मांगे थे 10 हजार रुपये, शिकायत पर बिछाया गया जाल
रेवाड़ी, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के कोसली तहसील कार्यालय में गुरुवार को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पटवारी पर पारिवारिक जमीन का रिकॉर्ड ठीक करने और इंतकाल दर्ज करने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार गांव टुमना निवासी आनंद ने एसीबी को शिकायत देकर बताया कि वह अपनी पारिवारिक जमीन का रिकॉर्ड ठीक करवाने और इंतकाल दर्ज करवाने के लिए पटवारी पुनीत कुमार के संपर्क में था। कई दिनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उसका काम नहीं हुआ। आरोप है कि पटवारी ने काम करने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में दोनों के बीच नौ हजार रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें से शिकायतकर्ता पहले ही पांच हजार रुपये दे चुका था।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की गोपनीय जांच की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। शिकायतकर्ता को निर्धारित चार हजार रुपये देकर गुरुवार को तहसील कार्यालय भेजा गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने पटवारी को रिश्वत की शेष राशि सौंपी, पहले से मौके पर तैनात एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

