home page

रेवाड़ी में बुक स्टॉल की आड़ में चल रहा था शराब कारोबार, आरोपी गिरफ्तार

 | 

धारूहेड़ा पुलिस की छापेमारी में अवैध शराब, कार और नकदी बरामद

रेवाड़ी, 08 जून (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को बुक स्टॉल की आड़ में चल रहे अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट कार और नकदी भी जब्त की गई है। मामले में पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहल्ला भीम बस्ती निवासी नवीन उर्फ कालू के रूप में हुई है। आरोपी जैन सुपर बाजार में किताबों की दुकान संचालित करता था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त दुकान पर किताबों की बिक्री की आड़ में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना के आधार पर धारूहेड़ा थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस को दुकान के काउंटर के नीचे से अंग्रेजी शराब, बीयर और देशी शराब की कई बोतलें बरामद हुईं।

तलाशी के दौरान दुकान के सामने खड़ी स्विफ्ट कार की जांच की गई, जिसमें भी शराब का जखीरा मिला। पुलिस ने मौके से बरामद सभी शराब की बोतलों को कब्जे में लेते हुए स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया। इसके अलावा अवैध बिक्री से संबंधित नकदी भी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारूहेड़ा थाना में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला