रेवाड़ी में गेस्ट हाउस के अंदर फंदे पर लटका मिला अधेड़ का शव
रेवाड़ी, 21 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी बस स्टैंड के निकट स्थित कान्हा गेस्ट हाउस में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे में 58 वर्षीय व्यक्ति का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान कृष्णा नगर मोहल्ला निवासी ईश्वर सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार ईश्वर सिंह शहर के कृष्णा नगर मोहल्ले में रहते थे। उनका घर कान्हा गेस्ट हाउस से करीब 800 मीटर की दूरी पर स्थित है। बताया गया है कि ईश्वर सिंह रविवार शाम बस स्टैंड के पास स्थित कान्हा गेस्ट हाउस पहुंचे थे और वहां एक कमरा बुक कर ठहरे थे। सोमवार को काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर, कमरे की जांच की गई, तो ईश्वर सिंह का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना तुरंत शहर थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। ईश्वर सिंह गेस्ट हाउस में कमरा लेकर क्यों ठहरे थे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों तथा गेस्ट हाउस संचालक से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

