रेवाड़ी बार एसोसिएशन चुनाव में ईवीएम से होगा मतदान
छह पदों के लिए 2183 अधिवक्ता करेंगे मतदान, उम्मीदवारों से लिया शपथ पत्र
रेवाड़ी, 02 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी जिला बार एसोसिएशन के चुनाव इस बार ईवीएम के माध्यम से करवाए जाएंगे। चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बार एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी अश्वनी तिवारी ने बुधवार काे बताया कि छह पदों के लिए कुल 2183 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए छह पदों के लिए ईवीएम की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को होने वाले चुनाव के मतदान के लिए कुल तीन बूथ बनाए जाएंगे। प्रत्येक बूथ पर करीब 700 अधिवक्ता मतदाताओं को मतदान के लिए शामिल किया जाएगा। ईवीएम के माध्यम से मतदान होने से प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरा करवाने की तैयारी की जा रही है। चुनाव अधिकारी के अनुसार मतदान के दौरान अधिवक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बूथों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
इस बार चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए नामांकन फीस भी निर्धारित की गई है। प्रधान पद के उम्मीदवार को 25 हजार रुपये फीस जमा करवानी होगी। वहीं उपप्रधान और सचिव पद के लिए 15-15 हजार रुपये तथा सहसचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए 10-10 हजार रुपये फीस निर्धारित की गई है। चुनाव अधिकारी अश्वनी तिवारी ने बताया कि इस बार नामांकन प्रक्रिया में भी एक नई व्यवस्था लागू की गई है। चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार से नामांकन पत्र के साथ शपथ पत्र लिया गया है। इसमें उम्मीदवारों ने अपने पक्ष में लगाए गए बैनर, होल्डिंग्स और अन्य प्रचार सामग्री को हटाने की शपथ दी है। बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में भी सक्रियता बढ़ गई है। संभावित उम्मीदवारों ने अपने स्तर पर संपर्क अभियान शुरू कर दिया है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

