रेवाड़ी में भाईचारे और अमन के संदेश संग मनाई गई बकरीद
-पीर बाबा मस्जिद में उमड़ी नमाजियों की भीड़, देश-प्रदेश की खुशहाली की दुआ
रेवाड़ी, 28 मई (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी शहर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। शहर के राजीव नगर स्थित पीर बाबा वाली मस्जिद में सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। नमाजियों ने ईद की विशेष नमाज अदा कर देश और प्रदेश में सुख-शांति, तरक्की और आपसी सौहार्द की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और प्रेम, भाईचारे तथा इंसानियत का संदेश दिया।
पीर बाबा मस्जिद के इमाम इस्माइल खान ने ईद-उल-अजहा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, कुर्बानी और मानवता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, एकता और भाईचारा बनाए रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इमाम खान ने लोगों से सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने और जरूरतमंदों की सहायता करने की अपील भी की।
मुस्लिम सभा रेवाड़ी के प्रधान मुबिन खान ने कहा कि ईद-उल-अजहा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत और सेवा का संदेश देने वाला त्योहार है। उन्होंने कहा कि इस दिन लोगों को गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। साथ ही समाज में शांति और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। ईद के अवसर पर बच्चों और युवाओं में भी खास उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर बच्चे और युवा मस्जिद पहुंचे तथा एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए। मस्जिद परिसर और आसपास का माहौल पूरी तरह उत्साह और उल्लास से भरा रहा।
जिला प्रशासन की ओर से ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मस्जिद परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा और शांति व्यवस्था के बीच नमाज सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
-----
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

