home page

रेवाड़ीः हरियाणा के सरकारी स्कूलों में 31 जुलाई तक हो सकेंगे नौवीं व 11वीं में दाखिले

 | 

शिक्षा विभाग ने 31 जुलाई तक प्रवेश के दिए निर्देश, सरकारी और निजी स्कूलों में लागू होगा फैसला

रेवाड़ी, 11 जून (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से संबद्ध प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 9वीं तथा 11वीं कक्षा में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक इन कक्षाओं में दाखिला ले सकेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने गुरूवार को बताया कि विभाग द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जो विद्यार्थी अभी तक किसी कारणवश 9वीं या 11वीं कक्षा में प्रवेश नहीं ले पाए हैं, उन्हें 31 जुलाई तक दाखिला लेने का अवसर दिया जाए। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के सरकारी और निजी स्कूलों को इस निर्णय की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को यह भी निर्देश दिए हैं कि निर्धारित अंतिम तिथि तक आने वाले किसी भी पात्र विद्यार्थी को प्रवेश से वंचित न किया जाए। हालांकि यह आदेश राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों पर लागू नहीं होगा। इन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दाखिला प्रक्रिया के संबंध में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है। ऐसे विद्यालयों में प्रवेश संबंधित नियमों के अनुसार ही किए जाएंगे।

दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने से प्रदेश के सैकड़ों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिली है। कई छात्र विभिन्न कारणों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश नहीं ले सके थे। अब उन्हें दोबारा अवसर मिलने से उनकी शैक्षणिक पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला