home page

रेवाड़ीः दो माह से फरार सरपंच बरसाना से गिरफ्तार

 | 
रेवाड़ीः दो माह से फरार सरपंच बरसाना से गिरफ्तार


सरपंच प्रतिनिधि पर जानलेवा हमले का आरोपी, साथियों समेत पुलिस के हत्थे चढ़ा

नारनाैल, 19 मार्च (हि.स.)। माजरा गांव के सरपंच रविंद्र को पुलिस ने करीब दो महीने की फरारी के बाद उत्तर प्रदेश के बरसाना से उसके तीन साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सरपंच अपने सहयोगियों के साथ यूपी में छिपकर रह रहा था। उस पर 26 जनवरी को भालखी गांव के सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र उर्फ पहलवान पर जानलेवा हमला करवाने का आरोप है। इस मामले में पुलिस पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने गुरुवार को मॉडल टाउन थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी फरार था और उसने अपना फोन भी बंद कर रखा था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा था। धारूहेड़ा सीआईए टीम ने योगेश कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए बरसाना से उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके साथ राजस्थान के ततारपुर निवासी रवि, भागौट निवासी सचिन और नवीन को भी काबू किया है।

डीएसपी के अनुसार आरोपी सरपंच के खिलाफ पहले से ही शस्त्र अधिनियम और मारपीट से जुड़े सात मामले दर्ज हैं, जबकि उसके साथियों पर भी तीन से पांच आपराधिक केस दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान आरोपियों ने फायरिंग करने की कोशिश की थी, लेकिन मैगजीन निकल जाने के कारण वे गोली नहीं चला सके। पुलिस ने मौके से मैगजीन बरामद कर ली थी। इस हमले में घायल सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र की हालत गंभीर हो गई थी और उपचार के दौरान चिकित्सकों को उनकी एक टांग काटनी पड़ी। घटना के बाद क्षेत्र में काफी आक्रोश भी देखने को मिला था। डीएसपी ने बताया कि अब आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि फरारी के दौरान उनके ठिकानों और मददगारों का पता लगाया जा सके। फरार रहने के दौरान जिन लोगों ने आरोपियों को शरण दी, उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 26 जनवरी को सुरेंद्र गांव के स्कूल में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। तभी माजरा आरओबी के पास पांच-छह गाड़ियों में सवार हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया था। इस वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला