home page

रेवाड़ी को स्वच्छ बनाने के लिए नगर परिषद ने तैयार किया नया रोडमैप

 | 
रेवाड़ी को स्वच्छ बनाने के लिए नगर परिषद ने तैयार किया नया रोडमैप


रेवाड़ी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने और गंदगी की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद ने नया रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत पूरे शहर को 27 सर्कल में बांटकर सफाई कराई जाएगी। प्रत्येक सर्कल में 10 बीट बनाई गई हैं, जहां दो से तीन सफाई कर्मचारियों की तैनाती होगी। नई व्यवस्था अगले सप्ताह से लागू करने की तैयारी है।

नगर परिषद रेवाड़ी के डीएमसी प्रदीप अहलावत ने बुधवार को बताया कि नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक सफाई कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। संबंधित क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने की जिम्मेदारी वहां तैनात कर्मचारियों की होगी। सफाई व्यवस्था की निगरानी संबंधित वार्ड पार्षद और नगर परिषद के अधिकारी करेंगे। इससे शहर में सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग हो सकेगी और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डीएमसी ने बताया कि यदि किसी सर्कल में गंदगी मिलती है या सफाई व्यवस्था बदहाल पाई जाती है तो इसके लिए जिम्मेदार सफाई कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद का उद्देश्य सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित करना और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करना है। इसके लिए प्रत्येक सर्कल में सफाई कार्यों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

नई व्यवस्था में आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। शहर में कहीं भी गंदगी दिखाई देने या सफाई व्यवस्था खराब होने पर लोग मोबाइल नंबर के माध्यम से नगर परिषद तक शिकायत पहुंचा सकेंगे। इसके लिए मोबाइल नंबर जारी किए जाएंगे। लोग संबंधित स्थान की फोटो भेजकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिससे अधिकारियों को समस्या का पता लगाने और समाधान करने में मदद मिलेगी। नगर परिषद बेहतर कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को प्रोत्साहित भी करेगी। ऐसे कर्मचारियों के नाम रोडवेज वर्कशॉप के सामने लगे डिजिटल बोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएंगे। इससे कर्मचारियों में बेहतर काम करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और शहर को स्वच्छ रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला