रेवाड़ी में खाद्य पदार्थों के 25 नमूने जांच में फेल, पनीर अनसेफ
रेवाड़ी, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में खाद्य पदार्थों के 25 नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। मई से अक्टूबर 2026 तक लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट में एक पनीर का नमूना अनसेफ और सबस्टैंडर्ड पाया गया। वहीं, दो मिठाइयों के नमूने सबस्टैंडर्ड होने के साथ बिक्री के लिए प्रतिबंधित मिले। इसके अलावा पांच नमूने सबस्टैंडर्ड और 17 नमूने नॉन-कन्फॉर्मिंग पाए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि विभाग की ओर से समय-समय पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाते हैं। रिपोर्ट में खामियां मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। सबस्टैंडर्ड और बिक्री के लिए प्रतिबंधित पाए गए नमूनों के संबंध में विभागीय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने धारूहेड़ा स्थित ओम बीकानेरी स्वीट्स एंड बेकरी से खोया बर्फी का नमूना लिया था। जांच में यह सबस्टैंडर्ड और बिक्री के लिए प्रतिबंधित पाया गया। इसी तरह रेवाड़ी के शिव रसगुल्ला भंडार से लिया गया मिल्क केक का नमूना भी इन दोनों श्रेणियों में मिला।
रेवाड़ी में सुपर कैरी वाहन से लिया गया पनीर का नमूना अनसेफ और सबस्टैंडर्ड पाया गया। वहीं, प्रिशा धन ट्रेडिंग कंपनी से लिया गया पान मसाले का नमूना भी सबस्टैंडर्ड मिला। इसके अलावा बावल के राधा कृष्ण किराना स्टोर और रेवाड़ी के गुड़ बाजार स्थित नितिन जैन ट्रेडिंग कंपनी से लिए गए सिंघाड़े के आटे के नमूने भी सबस्टैंडर्ड पाए गए। नाईवाली चौक स्थित राजस्थानी रसगुल्ला भंडार से लिया गया छेना और कसौला चौक स्थित श्याम स्वीट्स से लिया गया खोया भी गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा।
विभागीय सूची के अनुसार 17 नमूने नॉन-कन्फॉर्मिंग मिले, जिनमें पनीर, घी और मिठाइयां शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

