home page

रेवाड़ी : 23 केंद्रों पर तीन शिफ्टों में 14282 अभ्यर्थी देंगे एचटेट परीक्षा

 | 
रेवाड़ी : 23 केंद्रों पर तीन शिफ्टों में 14282 अभ्यर्थी देंगे एचटेट परीक्षा


परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले बंद होंगे केंद्रों के गेट, 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू

रेवाड़ी, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले में आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चार और पांच जुलाई को जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर तीन शिफ्टों में कुल 14282 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने गुरूवार काे बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी संबंधित केंद्र अधीक्षकों की होगी।

उपायुक्त ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू कर दी गई है। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

चार जुलाई को शाम की शिफ्ट में लेवल-तीन (पीजीटी) की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। इस परीक्षा में 5455 अभ्यर्थी शामिल होंगे और दो बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।

पांच जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लेवल-दाे (टीजीटी) की परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 7287 परीक्षार्थी भाग लेंगे। वहीं शाम की शिफ्ट में लेवल-एक (पीआरटी) की परीक्षा होगी, जिसमें 2544 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य सुरक्षा औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। उपायुक्त ने निर्देशों का पालन करने के लिए कहा व उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला