home page

पलवल में राशन डिपो जांच के दौरान हंगामा: अधिकारियों पर हमला, दस्तावेज फाड़े

 | 

पलवल, 25 मार्च (हि.स.)। जिले के उटावड़ गांव में सरकारी राशन डिपो की जांच करने पहुंचे खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी रेणू शेखावत ने बुधवार को बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी श्याम सुंदर और विकास चौहान मंगलवार शाम को उटावड़ गांव में एक सरकारी राशन डिपो की जांच कर रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि मंदा खान, उसके पुत्र शौकत, भाई रियाज खान और डिपो धारक ने अन्य लोगों के साथ मिलकर अधिकारियों पर हमला कर दिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अधिकारियों के सरकारी दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए और उनके साथ मारपीट की। साथ ही उन्हें धमकाते हुए भविष्य में इलाके में न आने की चेतावनी दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में अधिकारियों के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोपों की पुष्टि हुई है।

हालांकि, अधिकारियों द्वारा लगाए गए सोने की चेन, मोबाइल और नकदी छीनने तथा बंधक बनाने के आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि इन बिंदुओं की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग