संघ मनाएगा संत शिरोमणि गुरू रविदास जन्मोत्सव, देशभर में होगे कार्यक्रम
रोहतक, 20 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयसेवक संघ द्वारा संत शिरोमणि गुरू रविवास के 650वें जन्मोत्सव पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी संघ हरियाणा के प्रांत संघ चालक प्रताप सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में समालखा में सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत की अध्यक्षता में बैठक हुई थी, जिसमें पूरे देश से आरएसएस से जुडे लोगों ने हिस्सा लिया था और उसी बैठक में यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है और उनके विचारों को जन जन तक पहुंचाने के लिए देश भर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि संघ की बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय संगठन के भौगोलिक पुनर्गठन को लेकर लिया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों की संरचना को बदलकर 9 क्षेत्र और 80 से अधिक विभाग बनाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। यह नई व्यवस्था मार्च, 2027 के बाद लागू होगी, जिससे संगठन के कार्य में गति और प्रभावशीलता आने की अपेक्षा है। इस अवसर पर हरियाणा के प्रांत प्रचार प्रमुख राजेश कुमार, जिला संघचालक देवेंद्र कुमार तथा सुशील कुमार भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

