home page

नूंह: ड्रमों में भरकर ले जाया जा रहा 500 किलो पनीर जब्त

 | 
नूंह: ड्रमों में भरकर ले जाया जा रहा 500 किलो पनीर जब्त


नूंह, 26 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिला प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुन्हाना क्षेत्र में ड्रमों में भरकर ले जाया जा रहा करीब 500 किलोग्राम पनीर मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट करा दिया।

जानकारी के अनुसार रोजका मेव पुलिस ने एक वाहन को रोककर उसमें परिवहन किए जा रहे पनीर की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान पनीर की स्थिति को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया। बताया गया कि बाजिदपुर, तहसील पुन्हाना निवासी एक व्यक्ति इस पनीर को वाहन के माध्यम से गुरुग्राम ले जा रहा था, जहां इसे विभिन्न खाद्य कारोबार संचालकों को आपूर्ति किया जाना था।

खाद्य पदार्थ की स्थिति को देखते हुए खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल निवारक कार्रवाई की। संबंधित व्यक्ति की सहमति के बाद टीम की निगरानी में करीब 500 किलोग्राम अनुपयुक्त पनीर को निर्धारित तरीके से गड्ढा खोदकर दबाकर नष्ट किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य अनुपयुक्त खाद्य पदार्थ को दोबारा खाद्य श्रृंखला में शामिल होने से रोकना था।

हरियाणा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त मनोज कुमार ने इस कार्रवाई की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की। उन्होंने रात्रि के दौरान फील्ड टीम से लगातार संपर्क बनाए रखा और मौके पर किए जा रहे निरीक्षण तथा पनीर के निपटान की कार्रवाई की जानकारी ली। उनके मार्गदर्शन में टीम ने समयबद्ध तरीके से कार्रवाई को पूरा किया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नूंह ने कहा कि विभाग का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि असुरक्षित अथवा मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त खाद्य पदार्थ किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं तक न पहुंचें। इसके लिए फील्ड टीमों को ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के उचित निपटान के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया