home page

रोहतक में युवक की तेजधार हथियार से काटकर हत्या

 | 

चंडीगढ़, 06 मई (हि.स.)। हरियाणा के रोहतक में बुधवार सुबह अनाज मंडी के पीछे एक युवक की तेजधार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। युवक के पेट से अंतड़ियां तक निकाली हुईं थी। शव के पास शराब की बोतल व नमकील के पैकेट मिले हैं।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान आर्य नगर में ढाबा चलाने वाले मोहित (25) के तौर पर हुई है। मोहित के चचेरे भाई गौरव ने बताया कि उसकी किला रोड पर दुकान है। मोहित आर्य नगर में अपने छोटे भाई सचिन के साथ खत्री ढाबा चलाता था। मोहित और सचिन अभी अविवाहित हैं। इनके माता-पिता नहीं हैं। दोनों भाइयों ने आर्य नगर में ही किराए पर कमरा लिया हुआ। मोहित शराब पीने का आदी था।

गौरव ने कहा कि मंगलवार रात को वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गीता मार्केट की तरफ से मोहित आता हुआ दिखाई दिया। उसने शराब पी हुई थी। मोहित ज्यादा नशे में था, इसलिए उसने रोककर उससे बात नहीं की। इसके बाद वह चला गया। मंगलवार को मोहित ढाबे पर भी नहीं गया था। पता चला है कि इसके बाद मोहित ने अनाज मंडी के पीछे ग्राउंड में जाकर शराब पी। कुछ महीने पहले मोहित का हर्षित और बिट्टू नाम के युवक के साथ झगड़ा हुआ था। इनके बीच मारपीट भी हुई। इसके बाद से हर्षित और बिट्टू मोहित से रंजिश रखने लगे थे। इस दोनों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है।

शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि सुबह अनाज मंडी के पीछे एक शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। मौके से शराब की बोतल और नमकीन के पैकेट बरामद हुए थे। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है। थाना, अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) और स्पेशल टास्क फोर्स की चार टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा