home page

डेढ़ लाख दीयों से जगमगाएगा रोहतक, एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर भी दिखेगा रोशनी का नजारा

 | 

17 सितंबर को सरकारी भवनों, अमृत सरोवरों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख विकास परियोजनाओं पर जलेंगे दीये

सांपला में चौ. छोटूराम प्रतिमा स्थल और महम की ऐतिहासिक बावड़ी भी होगी रोशन

रोहतक, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को रोहतक में भव्य तरीके से होगी। अभियान के पहले दिन जिलेभर में चिन्हित स्थानों पर सरसों के तेल के करीब डेढ़ लाख दीये जलाए जाएंगे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष लाइटिंग भी की जाएगी। अभियान के तहत रोहतक के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक को विशेष रूप से रोशन करने की तैयारी की गई है। चिन्हित स्थानों पर हजारों दीये जलाने के साथ लाइटिंग की जाएगी।

एलिवेटेड रोड पर भी विभिन्न स्थानों पर दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी भवनों, प्रमुख विकास परियोजनाओं, अमृत सरोवरों, मतदान केंद्रों और प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी रोशन किया जाएगा। इस बारे में जानकारी देते हुए उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि सांपला स्थित चौ. छोटूराम प्रतिमा स्थल पर विशेष सजावट के साथ दीये और लाइटिंग की जाएगी, महम की ऐतिहासिक बावड़ी भी दीयों की रोशनी से जगमगाएगी। कार्यक्रमों के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान स्कूलों में पेंटिंग, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताओं के अलावा नुक्कड़ नाटक, पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, योग और नशा मुक्ति से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 7 अक्तूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ पाकस्मा से शुरू होकर भालौठ, सिसरौली, मदीना और भाली आनंदपुर होते हुए जिला विकास भवन पहुंचेगी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जिले में जनभागीदारी के साथ भव्य तरीके से मनाया जाएगा। 17 सितंबर को चिन्हित स्थलों पर करीब डेढ़ लाख दीये जलाने के साथ प्रमुख स्थानों को रोशन किया जाएगा और अभियान के दौरान निर्धारित सभी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

----------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल